भोपाल: पाकिस्तान पर सेना के प्रदर्शन पर मंत्री विजय शाह के बयान के बाद अब डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का बयान विवादों में आ गया है। भारतीय सेना पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस पिछले चार दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। शनिवार को कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला कार्यकर्ताओं सहित डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के सरकारी बंगले पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। वे डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के चेहरे पर कालिख पोतने के लिए उनके बंगले में घुसने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन मौके पर मौजूद टीटी नगर पुलिस ने मनोज शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया।
देवड़ा के इस्तीफे की मांग कर रही कांग्रेस
भारत की सेना को लेकर डिप्टी सीएम देवड़ा के विवादित बयान पर कांग्रेस उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। कांग्रेस के आक्रामक रूख को देखते हुए उनके 74 बंगले स्थित निवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला दोपहर बाद अपने समर्थकों के साथ देवड़ा के बंगले पर पहुंचे। उनका कहना था कि सेना के अपमान करने वाले मंत्री के मुंह पर वे कालिख पोतेंगे। नारेबाजी के बीच पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर के टीटी नगर थाने ले गई।
डिप्टी सीएम देवड़ा ने क्या कहा था?
बता दें कि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि पूरा देश, देश की सेना और सैनिक पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं। डिप्टी के इस बयान पर सियासी बवाल हो रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंकियों को तबाह करने के लिए पूरा देश ही नहीं बल्कि पूरे देश की सेना भी प्रधानमंत्री मोदी के चरणों में नतमस्तक है। देवड़ा ने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री की जितनी तारीफ की जाए कम है। इस दौरान उन्होंने आतंकियों के ठिकानों को तबाह करने के लिए वहां मौजूद लोगों से तालियां भी बजवाई।
वहीं, जगदीश देवड़ा ने विवाद बढ़ने पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मैंने यह कहा था कि देश की सेना ने जो काम किया उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। देश की सेना के लिए, देश की जनता उनके चरणों में नतमस्तक है। उनका पूरा सम्मान करती है। हमेशा देश की सेना ने देश की रक्षा के लिए काम किया है। मैंने जो कहा है उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। मुझे लगता है कि यह बहुत गलत तरीका है।